मेरठ। नए गृहकर पर आपत्ति आने का सिलसिला जारी है। सोमवार को नगर निगम ने कंकरखेड़ा, शास्त्रीनगर और मुख्यालय जोन में 10 जगह चौपाल लगाकर 83 आपत्तियों का निस्तारण कर दिया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एसके गौतम का कहना है कि प्रत्येक वार्ड में चौपाल लगाने की योजना बनाई है। कांवड़ यात्रा के बाद महानगर में गृहकर की वसूली करने का काम कराया जाएगा।
कंकरखेड़ा जोन में तीन जगह चौपाल लगाकर 41, शास्त्रीनगर जोन में चार जगह 32 और मुख्यालय जोन में तीन जगह चौपाल लगाकर 10 आपत्तियों का निस्तारण किया गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि कर निर्धारण अधिकारी, कर निरीक्षक सहित कई कर्मचारियों को गृहकर पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण करने के लिए लगाया हुआ है। अपर नगर आयुक्त शिव पूजन यादव ने तीनों जोन में लगी चौपाल पर शिकायतों की मॉनीटरिंग भी की। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भवन स्वामियों को स्वकर निर्धारण प्रपत्र के बारे में भी समझाने की कोशिश करें।
स्वकर प्रपत्र को नहीं समझ पा रहे भवन स्वामी
स्वकर निर्धारण प्रपत्र को भवन स्वामी नहीं समझ पा रहे हैं। वह लगातार नगर निगम परिसर में चक्कर काट रहे हैं। पार्षदों का कहना है कि स्वकर प्रपत्र के साथ नगर निगम की नई नियमावली वाली बुकलेट भी उपलब्ध करा दें। वार्डों में पार्षद भी भवन स्वामियों को स्वकर प्रपत्र के बारे में नहीं बता पा रहे हैं।