सीएचसी में लापरवाही मिलने पर प्रभारी को लगाई फटकार
मंडलायुक्त ने विधायक सीएचसी मवाना और निलौहा पीएचसी का किया निरीक्षण
संभावित संक्रमित तथा अन्य मरीजों के एक ही कतार में लगे होने पर जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना।
मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को विधायक दिनेश खटीक के साथ सीएचसी मवाना और निलौहा पीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान भवन का रखरखाव सही से नहीं होने और गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। सीएचसी प्रभारी की क्लास लगाकर सुधार लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कोविड तथा अन्य जांच के लिए एक ही कतार खड़े लोगों से पूछताछ की। संभावित संक्रमित तथा अन्य के एक ही लाइन में लगे होने पर एतराज जताया। कोरोना जांच के लिए अलग लाइन लगवाने के आदेश दिए। सीएचसी प्रभारी डा. सतीश भास्कर से किट वितरण, कोरोना केस और मृत्यु दर के बारे में जानकारी ली। वैक्सीनेशन कक्ष और वेटिंग हाल में लगे जालों पर नाराजगी जताई। सफाईकर्मी कम होने पर नगर पालिका से सहयोग लेने के निर्देश दिए। कोरोना वार्ड में एसी लगवाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने लाइट, पंखा आदि भी चलाकर देखा।
कोविड वार्ड में चादर हटाकर गद्दे देखने और बायो मेडिकल वेस्ट में दूसरा कूड़ा पड़ा होने पर सीएचसी प्रभारी को फटकार लगाई। बायो मेडिकल वेस्ट को कूडे़ में डालने वालों पर जुर्माना लगाने के आदेश दिए। कोविड वार्ड के गद्दे बदलवाने के निर्देश दिए। सीएचसी में लिफ्ट ठीक कराने, सीएचसी के पीछे से कबाड़ हटवाने और खाली भूमि पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम कमलेश गोयल, ईओ सुनील कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
अंधेरे में होता मिला वैक्सीनेशन
मवाना खुर्द प्राथामिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंडलायुक्त को वैक्सीनेशन होता नहीं मिला। निलौहा में अंधेरे में टीकाकरण होने पर डॉ. उमेश शर्मा से नाराजगी व्यक्त की। कहा कि केंद्र को अपना घर समझ कर काम करो। यहां भी गद्दों की हालत खराब मिली। वहीं परिसर में बने आवासों का रखरखाव करने में ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील की।
विधायक निधि से कुछ काम करा लो
सीएचसी मवाना में तथा पीएचसी निलौहा में जब मंडलायुक्त ने चिकित्सकों से कहा कि विधायक जी की विधायक निधि से कुछ यहां काम करा लो। इस पर विधायक दिनेश खटीक ने कहा कि उन्होंने सीएचसी और पीएचसी के लिए 50 लाख रुपये निधि से पहले ही दे दिए हैं। ये लोग प्रस्ताव बनाकर भेजें।
बिना प्रभारी के होता मिला टीकाकरण
बहसूमा। मंडलायुक्त ने बहसूमा पीएचसी का भी निरीक्षण किया। यहां बिना प्रभारी के वैक्सीनेशन होने पर नाराजगी जताई। कमिश्नर ने अस्पताल के शौचालय, स्टाफ रूम, प्रभारी कक्ष आदि का निरीक्षण किया। उन्होने परिसर के बाहरी हिस्से के जर्जर भवन, क्षतिग्रस्त मुख्य गेट को मोबाइल में कैद किया। बाद में उन्होंने रामराज स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेक मन्नत मांगी।
तीन माह से बिना प्रभारी के चल रही पीएचसी
बहसूमा। कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. रक्षित तीन माह पूर्व छोड़ कर चले गए थे। उसके बाद से बिना प्रभारी के ही बहसूमा पीएचसी संचालित है। कोरोना टीकाकरण स्टाफ नर्स, एएनएम आदि से कराया जा रहा है। इस सबंध में हस्तिनापुर सीएचसी प्रभारी डॉ. अकुंर त्यागी ने बताया कि पीएचसी पर डॉक्टर की तैनाती के लिए सीएमओ मेरठ को लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है।