मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु (स्रोत मंदिर कमेटी) फलावदा
फलावदा। सावन के पावन तृतीय सोमवार के अवसर पर फलावदा स्थित प्राचीन सदाशिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने विधिविधान के साथ भगवान भोलेनाथ का विशेष पूजन-अर्चन किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग का रुद्राभिषेक कराया गया।
रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, गंगाजल, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। रुद्राभिषेक के बाद भगवान शिव की आरती की गई। इसके उपरांत मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। आयोजन में मंदिर समिति के पंडित अभिनंदन दुबे, भास्कर अग्रवाल, प्रवीण प्रजापति, बोबी गोयल, अर्चना रस्तोगी, गौरव कुमार, सागर कुमार, विक्रांत रस्तोगी, आरव राजपूत, सुमित कश्यप सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।