फलावदा। परिवहन विभाग ने कस्बे में प्रवेश करने वाले मार्गों व थाने के सामने चेकिंग अभियान चलाकर डग्गामार व ओवरलोड वाहन बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे व जुर्माना वसूला।
बुधवार को संभागीय परिवहन विभाग के आरटीओ प्रीति पांडे ने फलावदा थाना और पुलिस चौकी के सामने मुख्य मार्ग के बीच में खड़ा कर सवारी बैठा रहे डग्गामार वाहनों के चालकों पर कार्रवाई की। संभागीय परिवहन विभाग की एआरटीओ प्रीति पांडे ने बताया कि नगर के लोगों द्वारा शिकायत की गई थी। बुधवार को चार दर्जन से अधिक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को भी निर्देश दिए कि गन्ना लदे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। एआरटीओ ने बताया कि चार टाटा मैजिक वाहन के कागज पूरे नहीं पाए जाने पर उनके चालान काटे गए। दो ओवरलोड ट्रकों पर 1.93 लाख रुपये जुर्माना किया गया। तीन पिकअप महिंद्रा गाड़ी, पांच छोटा हाथी वाहन और बिना हेलमेट 15 दोपहिया वाहन चालकों सहित 53 वाहनों के चालान व जुर्माना किया गया। इस दौरान दो चालक अपने वाहन छोड़कर भाग गए।