अवैध शराब की भट्टी नष्ट करती थाना पुलिस स्रोत पुलिस
हस्तिनापुर। थाना पुलिस ने गंगा के उस पार बधुवा खेड़ी गांव के पास गंगा किनारे संचालित अवैध शराब की भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। मौके पर भारी मात्रा में लहन भी नष्ट किया गया। जंबूद्वीप चौकी प्रभारी अनुज मिश्रा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खादर क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान गंगा किनारे एक भट्ठी धधकती मिली, जहां अवैध रूप से कच्ची शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भट्ठी को मौके पर ही नष्ट कर दिया और पास में रखे लगभग 2500 लीटर लहन को भी नष्ट कर दिया। शराब बनाने में प्रयोग किए जा रहे उपकरण और अन्य सामान को जब्त कर लिया। पुलिस के पहुंचते ही शराब बनाने वाले आरोपी मौके से भाग गए। उनकी तलाश की जा रही है।