मोदीपुरम (मेरठ)। स्वाट टीम नगर व थाना पल्लवपुरम पुलिस ने शनिवार देर रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी चेन स्नेचर शौकत अली उर्फ मोनी को लावड़ रोड फ्लाईओवर के पास से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि शौकत ने अपने आप को पुलिस से घिरा देख फायरिंग कर दी। इसमें एक सिपाही बाल-बाल बचा। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। इसके पास से एक चेन, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक, एक तमंचा 315 बोर और कारतूस बरामद किए हैं।
सीओ प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि शौकत अली उर्फ मोनी (45) इस्लामनगर खतौली का रहने वाला है। साल 2013 में उसने पहली बार चेन स्नेचिंग की। इसके बाद वह लगातार मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और एनसीआर में स्नेचिंग और लूट की वारदात अकेले करता रहा। इस पर करीब 50 एफआईआर दर्ज हैं। इसे पुलिस ने कई बार जेल भी भेजा लेकिन वह हर बार छूटकर फिर सक्रिय हो जाता था।
उन्होंने बताया कि शौकत ने जेल से छूटने के बाद 6 नवंबर 2025 को मेरठ में दो चेन स्नेचिंग की थीं। वह लूट की गई चेन दिल्ली के खजूरी पुस्ता इलाके में आभूषण खरीदने वाले लोगों को बेच देता था और उसी पैसों से होटलों में ठहरकर मौज-मस्ती करता था। शनिवार रात मोनी एक बार फिर चेन लूटने के उद्देश्य से मेरठ पहुंचा था। इसी दौरान स्वाट टीम और पल्लवपुरम पुलिस की घेराबंदी में मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया।