फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेंट्रल मार्केट : दुकानों से खुद ही शटर और बोर्ड उतारने लगे दुकानदार, दोबारा लगा रहे दरवाजे

विज्ञापन
सेंट्रल मार्केट में ​स्थित सुमित अस्पताल। .......... संवाद.......... कादिर
विज्ञापन
शहर का हृदय स्थल माने जाने वाले शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट की रौनक अब फीकी पड़ती जा रही है। जिन ऊंची इमारतों और नामी ब्रांड्स के शोरूम की चमक लोगों को अपनी ओर खींचती थी वहां अब मायूसी का सन्नाटा पसरने लगा है। सर्वोच्च न्यायालय के ध्वस्तीकरण के आदेश के बाद बाजार की सूरत बदलने लगी है। व्यापारियों ने अब अनहोनी की आशंका में खुद ही शोरूम के बोर्ड और लाइटें हटानी शुरू कर दी हैं। कई दुकानदार तो अपने घरों में बनी दुकानों के शटर उतारकर वहां दोबारा दरवाजे लगाने में जुट गए हैं।
विज्ञापन




बाजार के अस्तित्व पर आए इस संकट के बीच व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की है। व्यापारियों ने नए भवन निर्माण एवं विकास उपविधि के अंतर्गत राहत प्रदान करने के लिए मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। पूर्व पार्षद एवं व्यापारी नेता सतीश गर्ग ने बताया कि शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट के सेक्टर 2 और सेक्टर 3 में निम्न आय वर्ग और लघु आय वर्ग के आवासीय भवनों में चलने वाली छोटी दुकानों के संचालक बेहद परेशान हैं। उन्हें डर है कि दुकानें बंद होने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से उनका रोजगार पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।



पुनर्वास और विस्थापन की मांग

व्यापारियों ने मांग की है कि उनके जीविकोपार्जन को ध्यान में रखते हुए संविधान के अनुच्छेद 19(1)जी के तहत विस्थापन और पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। लगभग 270 से अधिक व्यापारियों ने मुख्य सचिव से अनुरोध किया है कि शास्त्री नगर आवासीय योजना के पास ही एक निर्विवादित पब्लिक मार्केट विकसित किया जाए। सतीश गर्ग ने तर्क दिया कि यदि विभाजन के समय पाकिस्तान से आए शरणार्थियों के लिए भगत सिंह मार्केट बनाकर 225 दुकानदारों को बसाया जा सकता है तो वर्तमान सरकार को सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के पुनर्वास में क्या कठिनाई है।
विज्ञापन




भाजपा नेता विनीत शारदा से मिले व्यापारी

शनिवार को व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा से मिला और अपनी व्यथा सुनाई। व्यापारियों ने उनसे हस्तक्षेप कर समाधान निकालने का अनुरोध किया। इस अवसर पर विनीत शारदा ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि वे उनके हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है और व्यापारी हितों की रक्षा के लिए प्रयास जारी हैं। इस दौरान मनोज गर्ग, प्रदीप शर्मा, प्रदीप सरस्वती, सचिन रंगोली, किशन कुमार और मोहित बत्रा सहित कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों को उम्मीद है कि सरकार उनके रोजगार को बचाने के लिए जल्द ही कोई सकारात्मक कदम उठाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें