मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के सेक्टर-2 में महिलाएं दस अप्रैल से धरने पर बैठी हैं। अपने अल्प और दुर्बल आय वर्ग मकानों के बचाने के लिए वे लगातार संघर्ष कर रही हैं। कहीं से भी किसी भी तरह की राहत न मिलने से वे आहत हैं। 21 जून से शुरू हुआ सात दिवसीय सुंदरकांड का पाठ शनिवार को पूरा हुआ। महिलाओं ने इस सात दिवसीय सुंदरकांड का पाठ सरकार से अंतिम प्रार्थना के रूप में किया था।
शीतल पुजानी ने बताया कि अभी तक उन्हें किसी भी तरह का कोई आश्वासन तो दूर दिलासा तक नहीं मिली। ऐसे में अब रविवार को आंदोलन की आगामी रणनीति का ऐलान किया जाएगा। वहीं गोल मंदिर के पास सेक्टर-3, 4 के चौराहे पर भी महिलाओं ने संकीर्तन कर घर बचाने की प्रार्थना की।