खाटू श्याम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भजनों का आनंद लेते श्रद्धालु। (मवाना)
मवाना। कार्तिक मास की देव उठावनी एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में कार्यक्रम आयोजित हुआ। श्याम बाबा का दरबार आकर्षक और भक्तिमय ढंग से सजाया गया। इस मौके पर भक्तों की भारी भीड़ जुटी। मंदिर को फूलों, रंग-बिरंगी सजावट और भव्य झांकी से सजाया गया। दरबार में भगवान विष्णु के जागरण और श्याम बाबा के जन्मोत्सव का भव्य पर्व मनाया गया। श्रद्धालुओं ने अखंड कीर्तन किया। भजन-संध्या का आयोजन हुआ। इस दौरान जय श्याम के नारे गूंजते रहे। मंदिर में फूलों की वर्षा और रंगबिरंगी लाइटों से वातावरण दिव्यता और आनंद में डूबा रहा।
इस पावन अवसर पर सामूहिक पूजन, भंडारे और प्रसाद वितरण भी किया गया। जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया। मंदिर कमेटी के मंत्री विनय दुबलिश ने बताया कि मंदिर में सुबह 7:00 बजे से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गई थी। मंदिर में सुबह की आरती पालिका चेयरमैन अखिल कौशिक ने की। मंदिर से जुड़े मनोज रस्तोगी, रवि प्रजापति, सुभाष विश्वकर्मा ने बताया की मंदिर में एकादशी के कार्यक्रम में वृंदावन से आई भजन मंडली ने बाबा का सुंदर गुणगान किया। इस पर सभी भक्त झूम उठे।