- सीसीएसयू ने जारी की प्रस्तावित तिथि व कुछ पाठ्यक्रमों की प्रोविजनल मेरिट सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का 37वां दीक्षांत समारोह 18 सितंबर को हो सकता है। विश्वविद्यालय की ओर यह तिथि प्रस्तावित की गई है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने अपनी वेबसाइट पर 37वें दीक्षांत समारोह का लिंक सक्रिय कर दिया है। इसमें कुछ पाठ्यक्रमों की प्रोविजनल मेरिट भी अपलोड की गई है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर के विभागों और कॉलेजों से सूची के सापेक्ष सात दिनों में अपना प्रत्यावेदन भी देने को कहा गया है, जिससे समय से मेरिट सूची में सुधार किया जा सकें।
विश्वविद्यालय की ओर से दीक्षांत समारोह को ध्यान में रखते हुए निरंतर परीक्षा परिणाम भी जारी किए जा रहे हैं। इन परिणामों में बहुत से कॉलेज ऐसे हैं, जिनके प्रयोगात्मक व आंतरिक मूल्यांकन के अंक नहीं मिलने के कारण परीक्षा परिणाम रुके हुए हैं। यह परिणाम समय से जारी नहीं होने पर विद्यार्थियों का परिणाम मेरिट में शामिल नहीं किया जा सकेगा। संवाद