सीसीएसयू को दो दिन में उपलब्ध कराने होंगे दो हजार ई-कंटेंट
मेरठ। प्रदेश में ऑनलाइन पढ़ाई को लेकर बनाए गए ई-पोर्टल पर सीसीएसयू से दो दिन में दो हजार ई-कंटेंट लेक्चर देने के लिए कहा गया है। बुधवार को रजिस्ट्रार ने कैंपस के सभी विभागाध्यक्षों-डीन एवं कॉलेजों के प्राचार्यों से पीडीएफ फाइल में तैयार किए ई-कंटेंट उनकी ऑफिशियल ईमेल पर भेजने के लिए कहा है। ई-कंटेंट मिलने पर रजिस्ट्रार की लॉगइन आईडी से इसे पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में ऑनलाइन पढ़ाई कराने के लिए ई-कंटेंट का एक पोर्टल बनाया जा रहा है। इसमें सभी विवि से ई-कंटेंट तैयार करके अपलोड किया जाएगा, ताकि प्रदेश के सभी छात्र-छात्राएं कहीं से भी इससे ऑनलाइन पढ़ाई कर सकें। चार महीने पहले कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने इस लेकर कैंपस के सभी विभागाध्यक्षों-डीन एवं कॉलेजों के प्राचार्यों-शिक्षकों को निर्देश जारी किए थे। पहले यह ई-कंटेंट प्राचार्यों को अपलोड करना था, लेकिन अब इसकी जिम्मेदारी विवि के रजिस्ट्रार को दी गई है। रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि दो दिन के भीतर ये ई-कंटेंट पीडीएफ फाइल में भेजना है। ऐसे में जिन शिक्षकों ने भी अपने विषयों में ई-कंटेंट तैयार किए हैं, वे उनको पीडीएफ फाइल में उनकी ईमेल आईडी पर प्राचार्य अथवा विभागाध्यक्ष से अनुमोदन लेकर उपलब्ध करा दें। इसमें सभी विषय शामिल हैं। ई-कंटेंट नहीं भेजने की स्थिति में शासन की जवाबदेही भी तय होगी।
ई-कंटेंट का नोडल भी बनाया है विवि
इसके अलाव सीसीएसयू को ई-कंटेंट तैयार करने के लिए नोडल भी बनाया गया है। हर विवि को अलग-अलग विषयों का ई-कंटेंट तैयार करने के लिए कहा गया है। सीसीएसयू को खासतौर से अर्थशास्त्र, भूगोल, बॉटनी, जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग, हॉर्टीकल्चर, फूड साइंस एवं टेक्नोलॉजी विषयों का यूजी-पीजी का कंटेंट तैयार करना है।