प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को राहत, लाइब्रेरी 12 तक बंद रहेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान विश्वविद्यालय बंद रहने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने राहत दी है। विश्वविद्यालय ने मंगलवार को छात्र सहायता केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। आज विश्वविद्यालय परिसर स्थित छात्र सहायता केंद्र से प्रोविजनल प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी मंगलवार से 12 अगस्त तक पूरी तरह बंद रहेगी।
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के चलते 3 से 12 अगस्त तक स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद कर दिए हैं। इससे विशेष रूप से उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीजीटी (प्रवक्ता) मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी हो रही थी। मुख्य परीक्षा के लिए 12 से 26 अगस्त के बीच अभिलेख अपलोड किए जाने हैं, जिनमें प्रोविजनल प्रमाण पत्र भी आवश्यक है।
छात्रों की समस्या को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र सहायता केंद्र को 4 अगस्त को सुबह 10 बजे से खोलने का निर्णय लिया है। कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह ने छात्रों से अपील की है कि वे विश्वविद्यालय के निर्धारित पोर्टल पर आवेदन कर यथासंभव प्रोविजनल प्रमाण पत्र ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त करें, ताकि अनावश्यक आवागमन से बचा जा सके।
विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी को खोलने की अनुमति जिला प्रशासन ने नहीं दी है। रविवार रात छात्रों ने लाइब्रेरी बंद किए जाने के विरोध में प्रदर्शन भी किया था। सोमवार शाम को चीफ प्रॉक्टर प्रो. बीरपाल सिंह, असिस्टेंट प्रॉक्टर दुष्यंत चौहान और पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. जमाल अहमद सिद्दीकी ने छात्रों से संवाद कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया। उन्हें आवश्यक पुस्तकें साथ ले जाने की सलाह दी। पुस्तकालय अध्यक्ष ने बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते 12 अगस्त तक लाइब्रेरी बंद रहेगी। विश्वविद्यालय में केवल पूर्व निर्धारित परीक्षाओं से संबंधित गतिविधियां ही संचालित होंगी।