संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने नए शैक्षणिक सत्र (2026-27) में स्नातक स्तर के सभी पाठ्यक्रमों, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्सों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि घोषित कर दी है। विश्वविद्यालय परिसर एवं उससे संबंधित कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया पांच मई से शुरू हो जाएगी। विवि प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया कि इस बार प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी।
अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे। सभी पाठ्यक्रम समर्थ पोर्टल पर पहले से ही लाइव कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in पर जाकर एडमिशन 2026-27 लिंक पर क्लिक करके आसानी से अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण शुल्क केवल 130 रुपये निर्धारित किया गया है। इस एक शुल्क के साथ अभ्यर्थी अधिकतम तीन पाठ्यक्रमों, कॉलेजों या विभागों का चयन कर सकता है। एक ही आवेदन से वह विश्वविद्यालय परिसर और उससे संबंधित कॉलेजों के लिए आवेदन कर सकेगा। विवि ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश आरक्षण नियमों के अनुसार तैयार की गई वरीयता सूची (मेरिट लिस्ट) और प्रतीक्षा सूची के आधार पर होगा। संबंधित कॉलेज अपने स्तर पर पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची बनाकर समयबद्ध तरीके से प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे।
इस बार नहीं होगी अधिक परेशानी
अब एक ही जगह से विश्वविद्यालय परिसर और उससे संबंधित कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी बिना किसी परेशानी के घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें और अंतिम तिथि से पहले अपना पंजीकरण अवश्य पूरा कर लें। विस्तृत जानकारी और ब्रोशर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।