दो माह से चल रही प्रवेश प्रक्रिया का शनिवार को अंतिम दिन है। कैंपस और कॉलेजों में दिव्यांग, स्वतंत्रता सेनानी, एससी-एसटी और दूसरे कोटे की जो सीटें भरी नहीं जा सकी हैं, उनको शनिवार को कॉलेज सामान्य श्रेणी में बदलकर ओपन मेरिट से भरेगा।
सीसीएसयू में कोर्सवार प्रवेश की बात करें तो सबसे ज्यादा प्रवेश बीए में 53621 छात्र-छात्राओं ने लिए हैं। बीकॉम में 18020 प्रवेश हुए हैं। बीएससी बायो में 7379, मैथ में 7355, स्टेटिक्स में 677, बीएससी एजी में 2521 प्रवेश हुए हैं।
यह भी पढ़ें: आत्मसमर्पण... इनाम की घोषणा और अंत में मुठभेड़ का नाटक, जानें- क्या है एनकाउंटर का असली सच?
प्रोफेशनल में बीए-एलएलबी में 5741, बीकॉम-एलएलबी में 235, बीबीए में 9883 और बीसीए में 7783 स्टूडेंट्स ने दाखिला लिया है। तीन वर्षीय एलएलबी कोर्स में अब तक 13374 प्रवेश और एमकॉम में 2126 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिए हैं।
कैंपस के कोर्सों की बात करें तो सबसे कम प्रवेश एमए हिंदी में सात और उर्दू में सात हुए हैं। एमएससी के विभिन्न कोर्सों की बात करें तो कैंपस में अधिकतर में सीटें फुल हो चुकी हैं। एडेड कॉलेजों के साथ ही सेल्फ फाइनेंस में भी आज ही प्रवेश की अंतिम तिथि है। ऐसे में छात्र-छात्राएं आज ही कॉलेजों में जाकर प्रवेश ले लें।
13 सीटों पर 700 से ज्यादा आवेदन
एनएएस कॉलेज में शनिवार को एलएलबी की बची हुई 17 आरक्षित सीटों पर प्रवेश होंगे। इनमें चार कोटे के आवेदक हैं। बची हुई 13 सीटों पर सात सौ से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने आवेदन किए हैं। मेरठ कॉलेज की एलएलबी की लिस्ट बीसीआई का मान्यता पत्र नहीं मिलने के कारण जारी नहीं हो सकी है।
प्रवेश के लिए ये लेकर जाएं साथ
तीन फोटो, सभी ओरिजिनल प्रमाण पत्र, इनकी दो फोटो कॉपी, रजिस्ट्रेशन संख्या, एक फोटो आईडी प्रूफ, फीस का डिमांड ड्राफ्ट और ऑफर लेटर छात्र छात्राओं को लाना जरूरी है। ओपन मेरिट से जो पीजी, एलएलबी और पैरा मेडिकल कोर्स में प्रवेश चल रहे हैं, उनको कॉलेज 26 तक लॉक कर सकते हैं।