सीसीएसयू ने शनिवार रात यूजी कोर्स की मेरिट जारी कर दी। रविवार से पोर्टल पर लिंक दिखाए देगा। सोमवार से दाखिले शुरू हो जाएंगे। विवि ने कॉलेजों को भी मेरिट भेज दी है। विवि ने तय तिथि के तीन दिन बाद मेरिट जारी की है। रजिस्ट्रेशन में एडेड कॉलेजों के सेल्फ फाइनेंस कोर्स कुछ समय के लिए ओपन होने की वजह से विवि को परेशानी हो सकती है, क्योंकि छात्रों के विकल्प कम हो गए हैं। समय रहते इस गलती में सुधार नहीं हुआ।
विवि ने बुधवार को पहली मेरिट जारी करने का दावा किया था, लेकिन रजिस्ट्रेशन में आवेदकों द्वारा गलत नंबर भरने की वजह से मेरिट रोक ली गई थी। डाटा में सुधार करने में तीन दिन लगे। विवि ने दावा किया कि शनिवार रात कॉलेजों को मेरिट जारी कर दी गई। रविवार से एडमिशन पोर्टल पर मेरिट का लिंक दिखेगा। आवेदकों को मोबाइल पर मैसेज से जानकारी मिल जाएगी। वह अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड से मेरिट देख सकते हैं।
प्रवेश समन्वयक प्रो. वाई विमला का कहना है अगर एक कैंडीडेट का नाम तीन कॉलेजों की मेरिट में आता है तो हर ऑफर लेटर पर अलग गोपनीय नंबर होगा। मेरिट में छात्र को रैंक दी जाएंगी। जिससे उसे पता रहे कि मेरिट में वह कहां स्टैंड कर रहा है। ऑनलाइन मेरिट देखने और सीटों की उपलब्धता की जानकारी मिलने की सुविधा दी जाएगी। एडमिशन पोर्टल पर लिंक और निर्देश जारी किए जाएंगे। पहली मेरिट के एडमिशन चार और पांच जुलाई को होंगे।
छह जुलाई को ईद की छुट्टी होती है तो सात को भी एडमिशन होेंगे। अगर सात को ईद हुई तो छह जुलाई तक पहली मेरिट के एडमिशन होंगे। उधर, राजकीय और एडेड कॉलेजों में रजिस्ट्रेशन के दौरान शुरू में कुछ रजिस्ट्रेशन सेल्फ फाइनेंस कोर्स में भी हो गए।
च्वॉइस में सेल्फ फाइनेंस कोर्स दिख रहे थे। हालांकि बाद में वह हटा दिए गए और इन रजिस्ट्रेशन को सेल्फ फाइनेंस में ट्रांसफर किया जा सकता है, लेकिन समस्या यह है कि ऐसा होने से आवेदकों की एडेड और राजकीय कॉलेजों की च्वॉइस कम हो गई। जिसे अब पूरी करना कठिन है। अब रजिस्ट्रेशन बंद हो चुके हैं। यह मामले विवि का सिरदर्द बन सकते हैं।