- महाराणा प्रताप छात्रावास में ईंटें फेंकने के मामले में कार्रवाई, एक छात्र को कठोर चेतावनी
- दो कार्यदिवस में कमरे खाली करने के निर्देश, पांचों की सिक्योरिटी भी जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के महाराणा प्रताप छात्रावास में अनुशासनहीनता के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। 29 अक्तूबर की रात छात्रावास के कमरा नंबर 25 की खिड़की पर ईंटें फेंकने की घटना में दोषी पाए गए पांच छात्रों का छात्रावास आवंटन निरस्त कर उन्हें निष्कासित कर दिया गया है। साथ ही पांचों की छात्रावास सिक्योरिटी भी जब्त कर ली गई है। एक अन्य छात्र को कठोर चेतावनी जारी की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 31 अक्टूबर को हुई बैठक में छात्रावास प्रशासन, संबंधित विभागाध्यक्षों, अधिष्ठाता छात्र कल्याण और कुलानुशासक की मौजूदगी में मामले की समीक्षा की गई। इसमें सीसीटीवी फुटेज, छात्रों के स्पष्टीकरण, उपलब्ध अभिलेखों और उनके पूर्ववर्ती आचरण व अनुशासनात्मक रिकॉर्ड की जांच की गई। समिति की सर्वसम्मत संस्तुति पर कुलपति की मंजूरी के बाद कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।
निष्कासित छात्रों में दक्ष पंवार (सांख्यिकी विभाग), आर्यवर्त मलिक और सुशांत कुमार (भौतिक विज्ञान विभाग), अनुपम खारी (रसायन विज्ञान विभाग) और अंश तोमर (वनस्पति विज्ञान विभाग) शामिल हैं। सभी को दो कार्यदिवस के भीतर अपने कमरे खाली कर चाबियां छात्रावास कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भविष्य में विश्वविद्यालय के किसी भी छात्रावास में आवासीय सुविधा नहीं देने का निर्णय लिया गया है।
वहीं, गणित विभाग के छात्र अभिनव कुमार को कठोर चेतावनी दी गई है। इसके अलावा सभी छात्रावासों के अधीक्षकों को दिन और रात विशेष सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय के मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. दिनेश कुमार ने बताया कि परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।