मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय और उनसे संबंधित 75 कॉलेजों के 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति फंस सकती है। इन कॉलेजों ने शनिवार तक विवि को मास्टर डाटा लॉक करने के कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं कराए हैं। छात्र हित में विवि ने सीसीएसयू परिसर स्थित सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में रविवार को भी ऑफिस खोला गया। इसके बावजूद सभी कॉलेजों ने प्रमाण पत्र नहीं दिए हैं। विवि के अनुसार निर्धारित तिथि बीतने के बावजूद इन 75 कॉलेजों ने मास्टर डाटा लॉक करने का कोई वांछित अभिलेख नहीं दिया है। कॉलेजों को यह डॉक्यूमेंट देने अनिवार्य हैं।
सीसीएसयू ने बदलीं परीक्षा की तिथियां
यूजीसी नेट की परीक्षा से टकराने पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से कुछ परीक्षाओं की तिथियां बदली गई हैं। पिछले दो दिनों से हुए बदलावों के बाद शनिवार को भी विश्वविद्यालय ने 10 जनवरी को निर्धारित साइकोलाॅजी विषय की परीक्षा को अब 21 जनवरी को कर दिया गया है। इस विषय के परीक्षार्थी बदली हुई तिथि पर उसी परीक्षा केंद्र और दोपहर दो बजे की पाली में परीक्षा में शामिल होना सुनिश्चित करें।
सोशियोलॉजी परीक्षा 16 को
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों की विषम सेमेस्टर दिसंबर-2024 परीक्षा में सोशियोलॉजी प्रथम सेमेस्टर के मेजर ऐज माइनर विषय की परीक्षा 16 जनवरी को होगी। यह परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। संबंधित विषय के परीक्षार्थी निर्धारित तिथि व समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।