सीसीएसयू के राजकीय और एडेड कॉलेजों में ग्रेजुएशन की सीटें फुल होने वाली हैं। मंगलवार को एडमिशन क्लॉज होने की उम्मीद है। करीब ढाई हजार सीटें बची हैं। विवि ने कॉलेजों को एडमिशन कंफर्म करने के लिए 16 अगस्त तक का वक्त दिया है। मंगलवार को कॉलेज खुलते ही सीटें फुल हो जाएंगी। इसके बाद इवनिंग क्लास की बारी है। 18 अगस्त तक सेल्फ फाइनेंस और प्रोफेशनल कोर्स के रजिस्ट्रेशन होंगे। उधर, सेल्फ फाइनेंस कॉलेज पहले अपनी सीट भरने की मांग कर रहे हैं।
मेरठ और सहारनपुर मंडल के 65 राजकीय और एडेड कॉलेजों में बीए, बीएससी और बीकॉम, बीएससी एजी में करीब 37 हजार सीटें हैं। शनिवार शाम तक 34531 एडमिशन हो चुके थे। कॉलेजों ने वेटिंग और दूसरी ओपन मेरिट जारी कर दी थी। इनके एडमिशन अभी बाकी हैं। मंगलवार को कॉलेज खुलते ही अधिकांश सीट फुल हो जाएंगी।
कॉम्बिनेशन खत्म होने की वजह से कुछ सीटों का नुकसान हर साल होता है। वह खाली रह जाती हैं। एडेड कॉलेजों में सीटें फुल होने के बाद अब इवनिंग क्लास की बारी है। छात्र इवनिंग क्लास की प्रक्रिया शुरू करने के लिए विवि में कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। कुछ कॉलेजों ने डिमांड भेजी है। एडेड कॉलेजों की सीट भरने के बाद कॉलेजों का रुख इवनिंग क्लास को लेकर स्पष्ट होगा। अभी तक कॉलेज इवनिंग का प्रस्ताव भेजने से पहले यह बहाना बना रहे हैं कि उनके यहां सीटें खाली हैं। पहले वह भर जाए, बाद में विचार किया जाएगा। उधर, विवि ने कॉलजों से इवनिंग क्लास को लेकर सुविधा और इन्फ्रास्ट्रक्चर की जानकारी मांगी है। जिसके आधार पर मंजूरी दी जाएगी।
अगस्त में होंगे एडमिशन पूरे
विवि की योजना अगस्त में ही एडमिशन प्रक्रिया पूरी करने की है। पीजी कोर्स के रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। यह 18 अगस्त तक चलेंगे। एलएलबी को लेकर एडमिशन लेट हो सकते हैं। क्योंकि विवि के चार बड़े कॉलेजों के पास बीसीआई की मान्यता नहीं है, जिस वजह से उनके यहां रजिस्ट्रेशन नहीं हुए। कॉलेज प्रयासरत हैं। विवि ने बिना बीसीआई के मान्यता के रजिस्ट्रेशन कराने से मना कर दिया है।