- कार्य परिषद की बैठक में 54 शोधार्थियों को पीएचडी देने पर भी लगी मुहर
- नई नियुक्तियों और पदोन्नति के प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की कार्य परिषद ने मंगलवार को कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें विश्वविद्यालय से जुड़े कई अहम शैक्षणिक और प्रशासनिक प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसमें 54 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि प्रदान करना और 38वें दीक्षांत समारोह में 186 मेधावी विद्यार्थियों को पदक से सम्मानित करना शामिल है।
दीक्षांत समारोह में दिए जाने वाले पदकों में एक कुलाधिपति स्वर्ण पदक, एक पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक, किसान ट्रस्ट नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित दो चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार, 119 कुलपति स्वर्ण पदक, 62 प्रायोजित स्वर्ण पदक और वर्ष 2025 का एक लंबित कुलपति स्वर्ण पदक शामिल हैं।
वहीं, विश्वविद्यालय परिसर के स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में चयन समिति की संस्तुति के आधार पर नई नियुक्तियों को भी मंजूरी दी गई। प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता को एक्रीडिटेशन एवं रैंकिंग निदेशक, डॉ. अंशु चौधरी को इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज का उपनिदेशक और डॉ. अलका तिवारी को फाइन आर्ट संस्थान का उपनिदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के तहत चयन समिति की सिफारिशों पर डॉ. योगेंद्र गौतम को सहयुक्त आचार्य के पद पर पदोन्नत किया गया है। सांख्यिकी विभाग के प्रो. भूपेंद्र सिंह और प्रो. आरके सोनी को वरिष्ठ आचार्य के पद पर पदोन्नत करने का निर्णय लिया गया है।
इस दौरान कार्य परिषद ने आठ जून को हुई बैठक के साथ सात जुलाई को आयोजित वित्त समिति और परीक्षा समिति की बैठकों के कार्यवृत्त के बारे में भी बताया गया। इस अवसर पर विवि के कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव, कार्य परिषद के सदस्य और विश्वविद्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।