गढ़ रोड पर इंडियन बैंक के एटीएम पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नोटबंदी के बाद बैंक नए नोटों के साइज से अपने एटीएम अपडेट करने के दावे कर रहे हैं। लेकिन शहर के कई एटीएम की हालत तो बेहद खराब है। जिले में विभिन्न बैंकों के 390 एटीएम हैं। लेकिन इनमें से मुश्किल से 10 फीसदी में भी कैश नहीं है। कई की तो हालत बेहद दयनीय है। लेकिन इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
एक्सिस बैंक फुटबाल चौक
यह एटीएम बेहद खराब हालत में है। एटीएम के केबिन के बाहर वायरिंग भी टूटी हुई है। अंदर मॉनिटर पर डिस्पले नहीं है। केबिन में गंदगी का अंबार है। जाले तक लगे हैं। लोग कैश की तलाश में यहां आए तो आसपास के लोगों ने बताया कि यह तो महीनों से बंद पड़ा है। कोई सफाई करने तक नहीं आता।
पीएनबी ब्रह्मपुरी
भूमिया पुल से झंडे वाला चौक के बीच में लगा ये एटीएम अक्सर खराब रहता है। इसके मॉनिटर में डिस्पले तक नहीं है। आसपास के लोगों ने बताया कि 2-3 दिन से ये खराब है। एटीएम कक्ष की हालत भी बेहद खराब है।
सेंट्रल बैंक सदर बाजार
इस एटीएम के मॉनिटर पर डिस्पले नहीं है। यहां कैश के लिए आने वाले लोगों को गार्ड वापस भेज देता है। सदर बाजार शहर का मुख्य मार्केट है। यहां एटीएम की ये हालत बेहद चिंताजनक है।
एसबीआई गंगा प्लाजा
कांपलेक्स में लगा यह एटीएम भी बंद था। यहां भी डिस्पले नहीं थी। गार्ड यहां आने वालों को बाहर से ही लौटा रहा था। लोगों का कहना था कि कई दिन से एटीएम की यही हालत है।
एसबीआई सूरजकुुंड
यह एटीएम अक्सर बंद रहता है। एटीएम का चबूतरा आसपास के दुकानदारों के सामान रखने के काम आ रहा है। लोगों का कहना है कि यह एटीएम न होने के बराबर है।