संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना क्षेत्र में मोपेड सवार युवक के साथ मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाहपुर-जैनपुर निवासी मनजीत पुत्र ओमवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 जून की रात वह मोपेड से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में काले रंग की कार में सवार कुछ लोगों ने उसकी मोपेड रोक ली। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और करीब नौ हजार रुपये की नकदी तथा मोबाइल फोन छीनकर भाग गए।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद उसने रोहटा थाने में शिकायत दी थी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। बाद में उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
-