मवाना। नगर के मोहल्ला निवासी महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने तथा उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
तहरीर के अनुसार पीड़ित महिला की 15 वर्षीय पुत्री को नगर के ही रहने वाले शाहरुख ने शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। आरोप है कि युवक उसे बाइक पर बैठाकर जंगल में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने जल्द शादी करने का आश्वासन देकर डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने स्नेपचैट पर किशोरी की अश्लील वीडियो और तस्वीरें बना लीं। बीते 24 अगस्त को आरोपी ने किशोरी पर शॉपिंग के लिए चलने का दबाव बनाया, लेकिन उसने इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उक्त अश्लील वीडियो अपने दोस्तों में वायरल कर दी। रिश्तेदारों के माध्यम से वीडियो की जानकारी मिलने पर परिजनों ने किशोरी से पूछताछ की तो उसने आपबीती सुनाई। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।