मृतक व्यापारी के खिलाफ भी केस दर्ज, निकाली जा रही सीडीआर
मेरठ। एसएसपी आवास के पास व्यापारी योगेंद्र सिंह की खुदकुशी के मामले में पुलिस विवेचना में जुटी हे। पुलिस ने अवैध हथियार का मुकदमा योगेंद्र सिंह पर भी दर्ज कर लिया है। वहीं, सूदखोर के खिलाफ दर्ज मुकदमों में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने सीडीआर भी निकलवाई है। आज पीड़ित परिवार के बयान लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
योगेंद्र की पत्नी की तहरीर पर पुुलिस ने केस दर्ज किया था। शनिवार को पत्नी के बयान लेने के लिए पुलिस गई थी, लेकिन गमगीन माहौल होने के चलते बयान दर्ज नहीं हो सके। आज बयान दर्ज करने के बाद पुलिस साक्ष्य जुटाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। वहीं पुलिस ने मोबाइल में मिले सुसाइड नोट को भी कब्जे में ले लिया है, जिसको पुलिस साक्ष्य में शामिल कर रही है।
विवेचक इंस्पेक्टर लालकुर्ती बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि मृतक के खिलाफ अवैध हथियार का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीडीआर निकाली जा रही है, ताकि साक्ष्य जुटाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। आज पीड़ित परिवार के बयान लेकर सूदखोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारी की एक बेटी की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस मामले में पीड़ित परिवार ने मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की मुकदमे की कॉपी विवेचक ने मंगा ली है। तनाव में आने का कारण सड़क हादसे के आरोपियों से जुड़ा हुआ निकल रहा है। इस पर भी विवेचक गंभीरता से जांच कर रहे है।