सरधना। कॉलेज जाते समय बीएससी की छात्रा के साथ छेड़छाड़ किए जाने के विरोध में तेजाब डालने की धमकी देने पर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन हत्थे नहीं चढ़ा है।
क्षेत्र के एक गांव में बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा के साथ आरोपी छेड़छाड़ कर रहा था। इस दौरान आरोपी ने छात्रों को जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया तो पीड़िता ने परिजनों को अवगत कराया। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले कुछ दिनों से गांव का ही एक युवक परेशान कर रहा था। इसके चलते छात्रा ने काॅलेज जाना बंद कर दिया था। बुधवार को छात्रा काॅलेज जाने के लिए घर से निकली तो आरोपी ने उसका पीछा किया और मौका मिलते ही उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी छात्रा के ऊपर तेजाब डालने की धमकी देकर फरार हो गया था। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।