यूपी के बागपत में मेरठ-बागपत मार्ग पर स्थित हमीदाबाद गांव की नहर के पास बुधवार सुबह युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त अग्रवाल मंडी टटीरी की श्रीराम कॉलोनी के रहने वाले 22 वर्षीय अंकित पुत्र कृष्णपाल के रूप में की गई। अंकित के पिता कृष्णपाल ने शव की शिनाख्त की।
कृष्ण पाल ने दिए बताया कि अंकित के पास मंगलवार रात 9:45 पर गाड़ी बुक कराने के लिए कॉल आई थी । इसके बाद रात में ही अंकित कार को लेकर घर से चला गया था। सुबह नहर में शव पड़े होने की सूचना दी गई । पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
उधर, टटीरी चौकी प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि मृतक अंकित के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं, शव के पास ही कार भी खड़ी मिली। साथ उसका ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल भी जेब में ही मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। मामले की जांच की जा रही है। वहीं परिजनों ने अंकित की हत्या की आशंका व्यक्त की है।
मूलरूप से गौरीपुर का रहने वाला है कृष्णपाल
पुलिस के अनुसार कृष्णपाल मूल रूप से गौरीपुर का रहने वाला है ,जो पिछले काफी समय से अंकित व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अग्रवाल मंडी टटीरी में ही रह रहा है। अंकित की मौत के बाद उसके परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। मौहल्ले के लोग भी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में लगे हुए थे।