संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के स्याल छोइया गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक को दिल्ली रेफर किया गया है, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह घटना तब हुई जब किला परीक्षितगढ़ के गांव खजूरी निवासी दिलशाद अपने बहनोई फरमान के साथ बुलेट बाइक पर खजूरी जा रहे थे। स्याल छोइया के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया। चिकित्सकों ने दिलशाद की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया। फरमान का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार तथा बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस दोनों वाहनों को थाने ले गई है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।