फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैंट में बंद होंगे बिना एनओसी चल रहे बार 

Sat, 25 Aug 2018 11:22 AM IST
amarujala
विज्ञापन
file - फोटो : amarujala
विज्ञापन

कैंट बोर्ड की बैठक में शुक्रवार को दो सदस्यों के बीच टकराव हो गया। सदस्य अनिल जैन ने सदस्य मंजू गोयल के पूरे परिवार को अवैध निर्माण में लिप्त बता दिया। कमांडर को कागजात सौंपते हुए मंजू गोयल की सदस्यता बर्खास्त करने की मांग कर दी। आरोप लगने पर मंजू गोयल बैठक में रोने लगीं। इसके बाद वे बैठक छोड़कर चली गईं। वहीं, बोर्ड बैठक में तय किया गया है कि व्हीलर्स क्लब, राजमहल, इंडाना बार के अलावा चार स्थानों पर चल रही शराब की दुकानों के लाइसेंस रद्द करने के लिए डीएम को पत्र भेजा जाएगा। कैंट बोर्ड की आमदनी बढ़ाने के लिए उपाध्यक्ष के नेतृत्व में एक समिति भी गठित की गई। फिलहाल कैंट बोर्ड में फंड की कमी को देखते हुए कैंट की सड़कों के टेंडर की प्रक्रिया को रोक दिया है।

विज्ञापन


कैंट बोर्ड की बैठक में चार अगस्त को हुई सिविल एरिया कमेटी की बैठक के मिनिट्स बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए गए तो उनमें गंज बाजार की प्रॉपर्टी संख्या 44, 45, 47 की लीज रिन्युवल पर सदस्य मंजू गोयल द्वारा आपत्ति की गई। बताया कि उक्त संपत्ति इस समय बोर्ड द्वारा लीज दिए गए मालिक के पास नहीं है, बल्कि बिक चुकी है। इस पर सदस्य अनिल जैन बोलने लगे तो मंजू गोयल ने कैंट एक्ट की धारा 32 के तहत उनके बोलने पर आपत्ति जताई। इस पर अनिल जैन ने मंजू गोयल और उनके परिवार के सदस्यों की अवैध निर्माण की संपत्तियों के बारे में बताना शुरू कर दिया। उन्होंने कमांडर से कहा कि मंजू गोयल का पूरा परिवार अवैध निर्माण में लिप्त है। उनके घर में अवैध रूप से मोबाइल टावर लगा है।

अनिल जैन ने कमांडर को कागजात सौंपते हुए कहा कि उनके पास मंजू गोयल के पूरे परिवार के अवैध निर्माण में लिप्त होते के सुबूत हैं। ऐसे में कैंट बोर्ड की धारा 34 ए के तहत मंजू गोयल की सदस्यता बर्खास्त की जाए। मंजू गोयल ने भी पलटवार करते हुए अनिल जैन पर आरोप लगाए। मामला बढ़ता देख कमांडर मेजर जनरल पीएस साईं मीटिंग छोड़ बाहर चले गए। सदस्य अनिल जैन का कहना है कि अगर बोर्ड मंजू गोयल के खिलाफ एक्शन नहीं लेता है तो वे इसकी शिकायत रक्षा मंत्रालय में करेंगे। 
विज्ञापन


बार-शराब की दुकानों पर कार्रवाई 
दोबारा बैठक शुरू होने पर कैंट बोर्ड की बिना परमिशन चल रहे व्हीलर्स क्लब, राजमहल और इंडाना बार के साथ ही चार शराब की दुकानों के लाइसेंस रद्द करने के लिए डीएम को पत्र भेजने की बात कही। अभी तक ये बिना कैंट बोर्ड को लाइसेंस शुल्क दिए और बिना स्टेशन हेडक्वार्टर की मंजूरी के चल रहे हैं। इनमें एक शराब की दुकान रेलवे स्टेशन पर कैंट बोर्ड की दुकान में बिना परमिशन के खोल दी गई है।

सफाई को लेकर दिया प्रेजेंटेशन
बोर्ड बैठक में सीईओ प्रसाद चव्हाण ने जनवरी 2019 में होने जा रहे स्वच्छता सर्वेक्षण के मानक और नंबरों के बारे में जानकारी दी। कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने पॉलीथिन और सफाई को लेकर प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। नुक्कड़ नाटक, रैली आदि निकालकर लोगों को पॉलीथिन के खिलाफ जागरूक करेंगे। इसमें स्कूली बच्चों और एनजीओ आदि को भी साथ लिया जाएगा। 

आमदनी बढ़ाने के लिए रखे प्रस्ताव
बीना वाधवा ने कैंट के बाजारों और आबूलेन पर बंगला नंगर 180 में सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत दुकानों का निर्माण करने की भी बात कही। इसके अलावा कैंट बोर्ड अस्पताल की जगह में भी सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत दुकानें बनाए जाने को लेेकर बात रखी। ताकि आमदनी को बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स की बड़ी रकम कोर्ट आदि के केस में फंसी हुई है। सेंट मैरी और सोफिया स्कूल पर बड़ी अदायगी है। उन्हें बुलाकर इस मामले को निपटाया जाए। 

प्रॉपर्टी बेचने व लोन लेने के लिए मिलेगी एनओसी 
जिन प्रॉपर्टी का म्यूटेशन हो चुका है। उनको बेचने या खरीदने और बैंक से लोन लेने के लिए कैंट बोर्ड एनओसी देगा। इस प्रस्ताव पर बोर्ड मीटिंग में मुहर लग गई। उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने इस प्रस्ताव को सिविल एरियाकमेटी की बैठक में पास किया था। सप्ताह भर में होने वाली सिविल एरिया कमेटी की बैठक में एनओसी के 15 मामले लगे हुए हैं। कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने बैठक में महिलाओं के लिए मुख्य बाजारों में पिंक टॉयलेट का भी प्रस्ताव रखा है। 

ये रहे मौजूद 
बोर्ड बैठक में कमांडर मेजर जनरल पीएस साईं, सीईओ प्रसाद चव्हाण, उपाध्यक्ष बीना वाधवा, एडम कमांडेंट कर्नल रोहित पंत, सदस्य रिनी जैन, बुशरा कमाल, अनिल जैन, मंजू गोयल, नीरज राठौर, धर्मेंद्र सोनकर, विपिन सोढ़ी, कैंट बोर्ड प्रवक्ता एमए जफर मौजूद समेत सैन्य अफसर मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें