-कंकरखेड़ा क्षेत्र में हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में बुधवार शाम दिल्ली-देहरादून एनएच-58 पर कैलाशी अस्पताल के सामने कैंटर अनियंत्रित होकर डंफर में घुस गया। हादसे में कैंटर चालक हर्षपुरी मेरठ कैंट निवासी नजाकत अली (45) गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर बाजार थाना क्षेत्र की कॉलोनी हर्षपुरी निवासी नजाकत अली कैंटर चलाने का काम करते थे। शाम के समय वह कैंटर लेकर मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे। सरधना फ्लाईओवर पर चढ़ने के दौरान उनके कैंटर के आगे चल रहे डंफर चालक ने एकाएक ब्रेक लगा दिए। कैंटर अनियंत्रित होकर डंफर के पिछले हिस्से में जा घुसा। हादसे के बाद कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कैंटर चालक नजाकत अली अगले हिस्से में फंस गया। चालक डंफर छोड़कर मौके से भाग गया। हादसे के बाद सड़क पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। हाईवे पर भीषण जाम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। चालक नजाकत अली को किसी तरह कैंटर से बाहर निकाला गया। घायल को गंभीर रूप अवस्था में कैलाशी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां पर कुछ समय बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जाम खुलवाकर राहगीरों को आगे के लिए रवाना किया। पुलिस ने मृतक चालक के परिजनों को फोन कर मामले की जानकारी दी। मौत की सूचना मिलने के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि फिलहाल तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।