बिजनौर के धामपुर में एक धर्म परिवर्तन करने का मामला प्रकाश में आया। प्रेमिका से शादी करने के लिए गैर समुदाय के एक युवक ने धर्म परिवर्तन कर लिया। युवती के परिजनों की शिकायत पर उत्तराखंड पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश में उसके घर पर दबिश दी, मगर आरोपी युवक परिजनों सहित फरार हो गया।
उत्तराखंड राज्य के रूद्रपुर निवासी एक युवती धामपुर में अपनी नानी के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही है। युवती नगर के ही इंटर कॉलेज में 12 वीं की छात्रा है। युवती का प्रेम प्रसंग नगर के ही एक मोहल्ला निवासी गैरसमुदाय के युवक से हो गया। प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने कुछ दिनों पहले आर्य समाज मंदिर में जाकर धर्म परिवर्तन कर लिया। बाद में युवती से मंदिर में जाकर सात फेरे लेकर शादी भी कर ली और साथ रहने लगे। उधर, युवक के हावभाव में अचानक परिवर्तन देख मोहल्लेवासियों में सुगबुगाहट होने लगी। युवती के परिजनों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने उत्तराखंड राज्य की रूद्रपुर कोतवाली में आरोपी युवक के खिलाफ बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। जिसके चलते मंगलवार रात रूद्रपुर पुलिस ने आरोपी युवक के मोहल्ला साहुवान स्थित घर पर दबिश दी, लेकिन दोनों नहीं मिले। इससे मोहल्ले वाले हतप्रभ रह गए। कोतवाल ने मामला संज्ञान में होने से इंकार किया है।
पढ़ें : प्रेमी ने दिया धोखा, शादी नहीं करूंगा जेल जाना मंजूर, प्रेमिका बोली...