मेरठ। अवैध रूप से सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ बृहस्पतिवार को आरटीओ और रोडवेज की ओर से अभियान चलाया गया। दोनों विभाग की टीम ने हापुड़ अड्डे से मेडिकल तक अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से चल रही ईको कारें भी सीज की गईं। सोहराबगेट डिपो के एआरएम सोहनपाल सिंह, प्रीति पांडेय यात्री कर अधिकारी ने टीम संग अभियान चलाकर कार्रवाई की।
अमर उजाला की ओर से डग्गामार वाहनों को लेकर लगातार अभियान चलाया गया। इसमें रोडवेज बसों की तर्ज पर हूबहू डग्गामार बसें चलने पर विभागों की उदासीनता पर भी चोट की गई। इन डग्गामार बसों में यात्रा करने पर बीमे का लाभ न मिलना और विभाग को हो रही राजस्व हानि को भी उकेरा गया। इसका असर हुआ कि अफसर जागे और डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। बृहस्पतिवार को हापुड़ अड्डे से मेडिकल तक चलाए गए अभियान में डग्गार बसें और ईको कारें सीज की गईं।