परिजन और ग्रामीण बिजलीघर पर धरना देकर बैठे, एसडीएम के आश्वासन पर माने
संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। कस्बे के मोहल्ला कैलाशपुरी में बृहस्पतिवार शाम टेंट लगाते समय हाइटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से चैनपुरा निवासी भानु पुत्र सेंडर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
हादसे से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शुक्रवार को बिजलीघर पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। सूचना पर पहुंचे एसडीओ भूपेश कुमार ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।
उन्होंने मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष सचिन सुक्कड़ी ने भी अपनी ओर से आर्थिक मदद देने का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना स्थगित कर दिया।