मेरठ जिले के जागृति विहार में किसानों से जमीन खाली कराने के लिए बुधवार को टीम पहुंची। अधिकारियों ने एक तरफ किसानों से वार्ता की, तो दूसरी ओर फसल पर बुलडोजर चलवा दिया। इससे किसानों के अरमानों पर पानी फिर गया। इस दौरान किसानों ने जमकर हंगामा किया। यहां तक कि किसानों की अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। मौके पर दस थानों की पुलिस, सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम सिटी, एसपी सिटी सहित कई सीओ मौके पर मौजूद रहे। आवास विकास के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बता दें कि 25 फरवरी को आरएसएस का बड़ा समागम जागृति विहार में होना है। जिसको लेकर आवास विकास ने आरएसएस को जमीन पर कार्यक्रम की अनुमति भी दे दी है। लेकिन मामला किसानों और आवास विकास के बीच अटका हुआ है।
किसानों का कहना है अगर जमीन का प्रतिकर बढ़ाकर नहीं दिया गया तो वो जमीन खाली नहीं करेंगे। फिलहाल काजीपुर और सराय काजी गांव के किसान करीब दो सौ एकड़ जमीन पर फसल बो रहे हैं। प्रशासन की ओर से गांव में मनादी करानी शुरू कर दी है। अधिकारी किसानों को फसल का मुआवजा भी देने को तैयार हैं, लेकिन किसान अड़े हैं।
वहींं मंगलवार को खरखौदा थाना एसओ प्रमोद गौतम काजीपुर गांव के किसानों को मनाने पहुंचे थे। किसानों ने पुलिस प्रशासन से कहा था कि प्रतिकर बढ़ेगा तो ही जमीन खाली होगी। मो. अंसार, तुलसीदास, रोहित गुर्जर, विनोद कुमार, बिल्लू, मोहित, सागर, शिवा, अतुल और हरिओम मौजूद रहे थे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/