मेरठ। परतापुर के बराल गांव में बुधवार दोपहर खेत में चारा का रहे किसान दलवीर सिंह(55) को सांड़ ने हमला कर पटक-पटक का मार डाला। उसे बचाने आए महरौली गांव निवासी शमशाद और उसकी पत्नी तस्लीम को भी सांड़ ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया। जानकारी पर काफी ग्रामीण लाठी डंडे लेकर सांड़ के पीछे दौड़े। इसके बाद सांड़ खेतों के रास्ते भाग गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सांड़ को पकड़ने के लिए नगर निगम को सूचना दे दी है।
परतापुर थाना क्षेत्र के गांव बराल निवासी दलवीर सिंह बुधवार दोपहर को अपनी पत्नी राजेंद्री के साथ खेत पर चारा लेने गए थे। जब वह चारा काट रहे थे। इसी दौरान एक सांड़ दहाड़े मारते हुए दलवीर के ऊपर झपट पड़ा। सांड़ ने किसान दलवीर सिंह पर हमला कर उसको पटक-पटक कर गंभीर रूप से लहूलुहान कर दिया। पत्नी राजेंद्री ने पति को बचाने के लिए शोर मचाया तो पास के खेत में चारा काट रहे महरौली निवासी शमशाद और उसकी पत्नी तस्लीम पहुंचे और डंडा लेकर सांड़ को भगाने का प्रयास किया। इसके बाद सांड़ तस्लीम के ऊपर झपट पड़ा। सांड़ ने टक्कर मारकर तस्लीम का पैर तोड़ दिया। पत्नी तस्लीम को बचाने के प्रयास में सांड़ ने उसे भी टक्कर मार दी। इससे शमशाद का भी हाथ टूट गया।
रजबहे की पटरी से जा रहे कुछ बाइक सवारों ने घटना को देखकर परतापुर के ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद दर्जनों ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर आए और सांड़ के पीछे दौड़ पड़े तो सांड़ खेतों के रास्ते भाग गया। ग्रामीणों और परिजनों ने सांड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल किसान दलवीर सिंह और शमशाद व उसकी पत्नी तस्लीम को एनएच-58 स्थित सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान दलवीर की मौत हो गई। सूचना पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि सांड़ को पकड़ने के लिए नगर निगम को सूचना दे दी गई है।
-
दिवाली से पहले सांड़ ने छीन लीं परिवार की खुशियां
मेरठ। सांड़ के हमले में किसान दलवीर सिंह की मौत होने की जानकारी मिलने पर परतापुर और महरौली के ग्रामीण उनके घर सांत्वना देने पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लावारिस पशुओं का आतंक बना हुआ है। दो सप्ताह पहले भी सांड़ ने टक्कर मारकर भूड़बराल निवासी एक युवक को घायल कर दिया था। पड़ोसी सूरज ने बताया कि दलवीर सिंह के एक बेटी रजनी, बेटा राजू और मोनू है। दलवीर की मौत पर परिजनों को रोकर बुरा हाल था। इस हादसे ने परिवार की दिवाली से पहले खुशियां छीन लीं।
ग्रामीणों ने नगर निगम पर लगाया लापरवाही का आरोप
मेरठ। सांड़ के हमले में दलवीर सिंह की मौत के बाद ग्रामीणों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि आए दिन सांड़ खेतों में फसलों का नुकसान करते हैं। भगाने पर लोगों पर हमला कर देते हैं। बताया कि कई बार परतापुर स्थित कान्हा उपवन गोशाला में सांड़ और लावारिस घूम रहे पशुओं को पकड़ने के लिए शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इस संबंध में नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि सांड़ और अन्य पशुओं की पकड़ने के लिए टीम भेजी जाएगी।
संदीप,,,, सांड के हमले में व्यक्ति की मौत म्रतक के घर पर सांतवना देने पहुंचे लोग