बीएसएनएल के मुख्य महाप्रबंधक हरिशंकर शर्मा का कहना है कि कंपनी अब ब्रॉडबैंड ग्राहकों को नया कनेक्शन लेने पर सौ प्रतिशत तक का कैश बैक देगी। पश्चिमी उप्र दूरसंचार परिमंडल कार्यालय पर शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने नयी स्कीम लांच करते हुए बताया कि इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहक 675 रुपये और 1500 रुपये की स्कीम में वाई-फाई मॉडम खरीद सकते हैं। जिसमें कंपनी 30 माह तक 50 रुपये बिल में वापिस करेगी। बीएसएनएल द्वारा लैंडलाइन, ब्रॉडबैंड, एफटीटीएच कनेक्शन पर लगने वाला संस्थापना शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अब अपने लैंडलाइन पर 99 रुपये प्रति वर्ष की दर से सभी इनकमिंग कॉल को किसी भी नेटवर्क पर फॉरवर्ड कर सकेंगे। ग्राहक फेसबुक या ट्विटर से नए लैंडलाइन, ब्रॉडबैंड, एफटीटीएच कनेक्शन की बुकिंग करेगा तो उससे बीएसएनएल एक महीने का शुल्क नहीं लेगा। जनसंपर्क अधिकारी वीपी सिंह ने बताया कि सभी स्कीमों की समय सीमा तय कर दी गई है। इस दौरान बीएसएनएल अधिकारी सौरभ त्यागी, अरुण कुमार, केके शर्मा, एसपी सिंह मौजूद रहे।
मेरठ में नौ जगह वाई-फाई के लिए चिह्नित
मुख्य महाप्रबंधक हरिशंकर शर्मा ने बताया कि बाजार में ग्राहकों को लुभाने के लिए कई कंपनियों ने नई स्कीम लांच की हैं। जिसके मद्देनजर बीएसएनएल भी अपने ग्राहकों को हरसंभव सुविधा देने के क्षेत्र में मेरठ सहित पश्चिम उप्र के कई बडे़ शहरों में वाई-फाई योजना शुरू करने जा रही है। आगरा स्थित ताजमहल और फतेहपुर सीकरी में बीएसएनएल वाई-फाई सुविधा शुरू कर चुका है। जबकि इसी आधार पर मेरठ शहर में सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज, एमआईटी कॉलेज, मेरठ कॉलेज, जेपी इंस्टीट्यूट, सुभारती यूनिवर्सिटी, शोभित यूनिवर्सिटी, पीवीएस मॉल, आनंद अस्पताल, दिल्ली रोड मेट्रो प्लाजा पर वाई-फाई सुविधा के लिए जगह चिह्नित कर ली गई हैं। बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, मथुरा आदि जिलों में भी वाई-फाई सुविधा जल्द शुरू की जाएगी।