नर्सिंग का छात्रा का दूसरे वर्ग के युवक से चल रहा प्रेम प्रसंग, शादी की जिद पर अड़ी
नौचंदी पुलिस कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। प्रेमी से रिश्ता तुड़वाने के लिए नर्सिंग छात्रा को उसका भाई यातनाएं दे रहा है। छात्रा का कसूर इतना है कि वह उससे शादी करने की जिद पर अड़ी है। पीड़ित ने शनिवार को नौचंदी थाने में आरोपी भाई के खिलाफ शिकायत की है। वहीं, छात्रा एक वर्ग की होने की वजह से पुलिस खामोश है।
नौचंदी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक कॉलोनी निवासी एक वर्ग की युवती गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल से नर्सिंग का कोर्स कर रही है। उसका एक युवक से चार साल से प्रेम प्रसंग है। उक्त युवक दिल्ली रोड स्थित एक बैंक शाखा में कर्मचारी है। छात्रा उससे शादी करने की जिद पर अड़ी है। हालांकि इसके लिए उसका भाई तैयार नहीं है। छात्रा का आरोप है कि भाई कमरे में बंधक बनाकर उसे यातनाएं दे रहा है। उसका कहना है कि वह किसी भी सूरत में शादी नहीं करने देगा। छात्रा का कहना है कि उसने इसकी जानकारी अपने प्रेमी को दी तो वह डर गया। जिसके चलते शादी से इनकार कर रहा है। छात्रा अपने भाई के अत्याचारों से परेशान होकर शनिवार को नौचंदी थाने पहुंची। उसने पुलिस को आपबीती सुनाई परंतु कार्रवाई नहीं की। पुलिस का कहना है कि प्रेमी युगल अलग-अलग वर्ग से हैं। इससे विवाद हो सकता है। हालांकि छात्रा के परिवार की एक महिला उसके समर्थन में है।
भाई मार देगा या मैं खुद मर जाऊंगी
छात्रा का कहना है कि वह नौचंदी थाने में तीन बार पहले ही आ चुकी है। इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं है। उसे डर है कि भाई जान से मार देगा। यदि उसकी शादी प्रेमी संग नहीं हुई तो वह खुद मर जाएगी। इतना सब कुछ होने के बावजूद पुलिस की नींद नहीं टूट रही है।
वर्जन
इस मामले की जानकारी थाना पुलिस ने मुझे नहीं दी। इसके बारे में पता कराकर पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई कराएंगे। पीड़ित के आरोपों की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। बैंक कर्मचारी को भी थाने बुलाया जाएगा।-संजीव देशवाल, सीओ सिविल लाइन