बताया गया कि पहले पति से अनबन के बाद से राहिल सपा के पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री फारुख हसन निवासी पांचली के साथ प्रेम संबंध में थी। कुछ दिन पूर्व फारुख हसन के सुसराल वालों ने दोनों को एक साथ देख लिया था। इसके बाद दोनों से मारपीट की और राहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाया। इसी दौरान 11 सितंबर को फारुख हसन और राहिल ने कोर्ट मैरिज कर ली।
यह भी पढ़ें: पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, टहनियों से टकराया हेलीकॉप्टर,कराई आपात लैंडिंग
इसके बाद से दोनों मेरठ में ही किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। चार दिन पूर्व राहिल जहां का भाई उसके घर पहुंचा और उसके मायके चलने के लिए राजी कर लिया।
राहिल बुधवार रात को अपने मायके में ही थी कि भाई राहिल व उसकी बहन के लिए लस्सी लेकर आया। इसमें राहिल की लस्सी में उसने नशे की गोलियां मिला दीं। इसके बाद राहिल के हाथ पैर बांधे और सुबह तीन बजे धारदार हथियार से बहन राहिल का गला काट दिया।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाई ने मां को जगाया और कहा कि उठकर देख लो राहिल की तबीयत ठीक नहीं है। मां ने उठकर देखा तो राहिल जहां चारपाई पर लहुलूहान पड़ी हुई थी। घटना से घर में कोहराम मच गया। इसी दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल की। इंस्पेक्टर थाना लिसाड़ी गेट नजीर अली खान के अनुसार मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी फरार है उसकी तलाश की जा रही है।