फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लालकुर्ती-सिविल लाइंस में टूटी सड़क, गड्ढे बने आफत

विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। लालकुर्ती और सिविल लाइंस क्षेत्र में टूटी सड़क और गड्ढे आफत बनते जा रहे हैं। टेलीफोन एक्सचेंज के पास सड़क को कुछ दिन से खोदकर काम किया जा रहा है। खोदाई के बाद चारों ओर धूल से दुकानदार और व्यापारी परेशान हैं। अब पाइप लाइन डालने के कारण इस मार्ग को बंद भी कर दिया गया है। दुकानदारों का कहना है कि बेहद सुस्त गति से काम हो रहा है।
विज्ञापन

दुकानदारों का कहना है कि निर्माण की धीमी रफ्तार के कारण व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। शाम के समय प्रकाश की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं होने के कारण कई दोपहिया वाहन चालक गिर जाते हैं। बीते दिनों एक गाय भी गड्ढे में गिर गई थी, जिसे जैसे-तैसे निकाला गया। आशीष शर्मा, पुनीत बंसल, हेमंत, जुनैद, आरिफ आदि का कहना है कि नगर आयुक्त से भी मामले में शिकायत की गई है। दूसरी ओर सिविल लाइंस क्षेत्र में भी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। कुटी चौराहे से सिविल लाइन थाना होते हुए मवाना अड्डे पर पहुंचने वाले मार्ग की हालत बेहद खस्ता है।
लोगों का कहना है कि आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। रात में पथ प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में कई बार लोग गड्ढों में असंतुलित होकर गिर जाते हैं। मामले में जिला प्रशासन से भी शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मुख्य नगर नियोजक विजय कुमार सिंह ने बताया कि सड़कों को दुरुस्त करने के लिए प्लान तैयार किया गया है। विभागों से संबंधित मार्गों की शिकायतें उन्हें भेजी जा रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें