मेरठ। आवास एवं विकास परिषद ने जागृति विहार एक्सटेंशन में अपने फ्लैट के दाम करीब 25 फीसदी तक घटा दिए हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में साल 2012 में इन फ्लैट का निर्माण किया गया था। इनमें 32 वर्ग मीटर, 57 वर्ग मीटर, 64 वर्ग मीटर के फ्लैट जी प्लस थ्री यानि ग्राउंड फ्लोर और ऊपर तीन मंजिला मकान के तौर पर ब्लॉक में बनाए गए हैं।
जागृति विहार एक्सटेंशन 700 एकड़ में बनी शहर की सबसे बड़ी योजना है। इसमें कुल 2304 फ्लैट हैं, जिनमें करीब डेढ़ हजार फ्लैट खाली हैं। कोरोना से पहले तक 1250 के करीब फ्लैट बिक चुके थे, लेकिन कोराना में वित्तीय स्थिति गड़बड़ाने से लोगों ने फ्लैट सरेंडर कर दिए थे। हाल ही में 69 सिम्पलेक्स और 60 डुपलेक्स भवन में भी लोगों ने काफी रुझान दिखाया था। वहीं फ्लैट की कीमतें अधिक होने के कारण इनके ग्राहक नहीं मिल रहे थे, जिस पर शासन से 20 से 25 फीसदी तक दामों में कटौती कर विक्रय के निर्देश दिए थे। ऐसे में करीब नौ लाख रुपये तक इन फ्लैट की कीमतें कम हो गईं।
संपत्ति अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि जागृति विहार एक्सटेंशन योजना को चारों ओर से जोड़कर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। अफसरों का कहना है कि कुटी चौराहे से योजना तक 36 मीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। अभी मार्ग चाणक्यपुरी के पास से काफी संकरा है। इसमें चिह्नांकन भी कर लिया गया है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। गढ़ रोड को हापुड़ रोड से जोड़ने वाले 45 मीटर चौड़े इनर रिंग रोड पर किसानों से वार्ता की जा रही है। लोहिया नगर और आसपास के क्षेत्रों से भी योजना को जोड़ा जा रहा है। छूट के बाद काफी संख्या में लोग रोजाना फ्लैट की जानकारी लेने आ रहे हैं। अभी 31 मई तक छूट जारी की गई है।
एफ-32 वन बीएचके 13,20,680 10,59,942 ग्राउंड फ्लोर
12,29,598 9,68,631 प्रथम तल
12,19,477 8,34,842 द्वितीय तल
12,09,358 8,24,698 तृतीय तल
एफ-57 टू बीएचके 24,61,754 21,30,143 ग्राउंड फ्लोर
22,92,975 19,25,007 प्रथम फ्लोर
22,79,777 19,06,764 द्वितीय फ्लोर
22,61,579 18,88,520 तृतीय फ्लोर
एफ-64 टू बीएचके 31,93,394 24,73,489 ग्राउंड फ्लोर
30,06,238 22,63,589 प्रथम फ्लोर
29,85,443 22,42,742 द्वितीय फ्लोर
29,64,648 22,21,895 तृतीय फ्लोर
एफ-100 टाइप 2012 43,22,827 40,97,461
एफ-127 टाइप 2012 49,42,668 40,28,931