सरूरपुर। गांव गोटका में रास्ते पर भर पानी। संवाद
जसड़ सुल्तान नगर मुख्य मार्ग का बुरा हाल, जलभराव के बीच से गुजर रहे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। गांव गोटका में जसड़ सुल्तान नगर मुख्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़क और जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं। घरों के बाहर पानी भरने से परेशानी हो रही है। वाहनों के निकलने पर सड़क पर भरा पानी राहगीरों के कपड़े खराब कर रहा है। गंदे पानी के बीच से लोगों को गुजरना पड़ता है। दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीण संजय शर्मा, सुनीलदत्त शर्मा, संदीप शर्मा, राकेश ठाकुर और राजकुमार ठाकुर ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें गंदा पानी भरा रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मामूली बारिश में भी पानी जमा रहता है। इससे राहगीरों को कीचड़ और जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ता है। मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, किसान और अन्य लोग आवागमन करते हैं। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार वाहन चालक गड्ढों का अंदाजा न लग पाने के कारण गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
जलभराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्राम विकास अधिकारी प्रदीप सोम का कहना है कि रास्ते का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। जल्दी रास्ते का निर्माण कर समस्या का समाधान किया जाएगा।