मेरठ। लॉकडाउन ने विकास कार्यों पर ब्रेक लगा दिया है। पीडब्ल्यूडी के लगभग 50 करोड़ रुपये से होने वाले सड़क निर्माण कार्य रुक गए हैं। करीब 12 करोड़ रुपये से होने वाली सड़कों के निर्माण की योजना तैयार है। इनके लिए केवल टेंडर का इंतजार है।
बागपत रोड, रुड़की रोड, मवाना रोड, किला रोड तथा गढ़ रोड आदि बदहाल हैं। सड़क वर्धा मुक्ति योजना के तहत पीडब्ल्यूडी ने जनपद की 200 से अधिक सड़कों के जीर्णोद्धार का बजट प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। जिनमें से कुछ सड़कों पर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हालांकि लॉकडाउन के चलते उन पर काम शुरू नहीं हो पाया है। पीडब्ल्यूडी से जानकारी मिली कि करीब 12 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों के बजट प्रस्ताव तैयार हैं। इनके टेंडर की स्वीकृति शासन से होनी है। लॉकडाउन की वजह से यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। महानगर की तरह देहात की सड़कों का बुरा हाल है। ग्राम संपर्क मार्ग भी बदहाल हैं। माना जा रहा है कि यदि जून से पहले सड़कों के जीर्णोद्धार शुरू नहीं किया गया तो ये गड्ढों में खो जाएंगी। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार का कहना है कि लॉकडाउन हटते ही सड़कों का निर्माण शुरू कराया जाएगा।