दरोगा और ट्रांसपोर्टर के बेटे ने दिनदहाड़े 12 राउंड की थी फायरिंग
हमले में एक युवक हुआ था घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। रोहटा रोड की तेज बिहार व बन्नू मियां कॉलोनी में फायरिंग करने वाले दरोगा के बेटे निशुल तोमर व ट्रांसपोर्टर के बेटे प्रथम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। फायरिंग में गोली लगने से नमन नाम का युवक घायल हो गया था। पुलिस ने मंगलवार देर रात दोनों आरोपियों को खिर्वा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया है।
तेज विहार निवासी उज्जवल तोमर ने मंगलवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि उनका छोटा भाई नमन घर के बाहर खड़ा था। इसी बीच बुलेट सवार निशुल तोमर व प्रथम शर्मा ने पिस्टल व तमंचे से नमन के घर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। बेखौफ वारदात और दहशत फैलाने के बाद बुलेट सवार हमलावरों ने चार दिन पूर्व जेल से जमानत पर आए आरोपी हर्ष तोमर के घर पर भी फायरिंग कर दी थी। आरोपियों ने लगभग 12 राउंड फायरिंग की थी।
दुस्साहसिक वारदात मकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी। वारदात के वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। पीड़ित युवकों के परिजनों ने थाने पर तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना के बाद से ही आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रथम ने बताया कि हर्ष तोमर जेल से बाहर आने के बाद लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था।
तीन दिन पूर्व आरोपी ने उसके घर के बाहर जाकर उसे धमकी भी दी थी। हर्ष काफी समय से उन्हें परेशान कर रहा था। जिसके बाद उन्होंने हर्ष से बदला लेने की योजना तैयार की थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा व पिस्टल सहित बुलेट भी बरामद कर ली। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
आरोपी प्रथम ने कोतवाली क्षेत्र से खरीदे थे कारतूस व हथियार
पुलिस पूछताछ में प्रथम ने बताया कि हर्ष के जेल से बाहर आकर धमकी देने के कारण उसने कोतवाली क्षेत्र के एक युवक से पिस्टल, तमंचा और कारतूस खरीदे थे। पुलिस गोलियां व तमंचा बेचने वाले आरोपी की तलाश में लग गई है।
आरोपियों पर लगेगा गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी
थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम शर्मा, निशुल तोमर व इस प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ हिस्ट्रीशीट व गैंगस्टर का मुकदमा खोलने की तैयारी की जा रही है। जिसको लेकर उच्च अधिकारियों को जल्द रिपोर्ट भेजी जाएगी। वहीं आरोपियों के खिलाफ जिलाबदर की भी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कीमत पर आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।