सरूरपुर (मेरठ)। ब्लॉक सरूरपुर के गांव पांचली बुजुर्ग में हिंडन नदी के बहाव के चलते हुए चल रहे सीमा विवाद का अब तक समाधान नहीं हो पाया है। सोमवार को सरधना तहसीलदार अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार जतिन गोस्वामी और बागपत जिले से बड़ौत एसडीएम मनीष यादव, तहसीलदार राजेश कुमार राजस्व विभाग की टीम के साथ पैमाइश करने के लिए हिंडन नदी पर पहुंचे। देर शाम तक बहाव का स्तर जांच करने के लिए पैमाइश जारी रही, मगर अभी कोई स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
बता दें कि हिंडन नदी के पानी के बहाव में आए बदलाव के कारण बागपत जिले के शाहपुर बाणगंगा गांव व मेरठ के पांचली बुजुर्ग गांव के किसानों के बीच कई वर्षों से भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसके चलते दोनों जिलों के गांवों के किसान कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। भूमि पर कब्जे को लेकर कोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी। इसके बाद से ही दोनों जिलों की ओर से संयुक्त टीम बनाई गई है।
यह टीम नदी के बहाव के साथ ही किसानों के दावों के अनुरूप भूमि की स्थिति को जानने का प्रयास कर रही है। भूमि की पैमाइश के लिए गांव पांचली बुजुर्ग निवासी उमर मोहम्मद व फजर मोहम्मद ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपनी जमीन होने का दावा किया था। इसके साथ ही अवैध कब्जा हटाने की अपील की थी। तहसीलदार अनुराग सिंह ने बताया कि तीसरे दिन भी पैमाइश पूरी नहीं हो सकी है। करीब 90 प्रतिशत काम हो गया है। जल्द ही पैमाइश पूरी कर सीमा विवाद को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।