सरूरपुर (मेरठ)। सरधना-बिनौली रोड़ चौधरी पर चौधरी बशीर खान पीजी काॅलेज हर्रा के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 28 वर्षीय बिलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसे मृत घोषित कर दिया गया। बिलाल मजदूरी करता था।
कस्बा हर्रा निवासी बिलाल पुत्र आकिल बाइक पर सरधना की ओर जाने के लिए चला था। जैसे ही वह कॉलेज के सामने पहुंचा तो सामने से आ रहे किसी वाहन की उसकी बाइक से टक्कर हो गई। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई। युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने भी घटना के बारे में जानकारी ली। वहीं, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। बाद में पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
-
पांच साल पहले ही हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि बिलाल की शादी पांच साल पहले ही हुई थी। उसकी कोई संतान नहीं है। बिलाल की मौत के बाद पत्नी नसरीन को वह अकेला छोड़ गया है। करीब तीन साल पहले उसके माता-पिता की भी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। नसरीन बार-बार बिलखती रही। घर पर पहुंची पड़ोस की महिलाओं ने किसी तरह उसे संभाला।