मेरठ। कोरोना संक्रमण से भयभीत उपभोक्ताओं ने लॉकडाउन के दौरान रसोई गैस स्टाक करनी शुरू कर दी है। इसके चलते गैस की बुकिंग बढ़ गई है। जिस कारण बुकिंग के पांच दिन बाद गैस मिल रही है। हालांकि गैस कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
जनपद में इंडेन, भारत एवं एचपी कंपनी करीब छह लाख उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति करती हैं। गैस की आपूर्ति बुकिंग के 24 घंटे बाद की जा रही थी। लॉकडाउन के चलते बुकिंग की संख्या बढ़ गई है। ऐसा भयभीत उपभोक्ताओं द्वारा स्टाक करने की वजह से हुआ है। इसके परिणामस्वरूप बुकिंग के तीन-चार दिन बाद भी गैस आपूर्ति नहीं हो पा रही है। सूरजकुंड स्थित सरस्वती मंदिर निवासी माया देवी का कहना है कि एक सप्ताह पहले रामपूर्णा गैस एजेंसी पर बुकिंग कराई थी। उसके निरस्त होने का मेसेज आ गया है। अब दोबारा से गैस बुक कराई है। उधर, पल्लवपुरम निवासी श्रीकांत का कहना है कि गैस बुकिंग को एक सप्ताह हो गया है लेकिन आपूर्ति नहीं हुई है। इस संबंध में इंडेन गैस के मार्केटिंग अधिकारी जितेंद्र मीणा का कहना है कि गैस की आपूर्ति में कोई दिक्कत नहीं है। उपभोक्ताओं ने गैस की अधिक बुकिंग करा दी है जिससे बैकलॉग बढ़ गया है। उपभोक्ताओं को धैर्य बनाए रखना चाहिए। बुकिंग के बाद 3 से 4 दिन में उपभोक्ता के घर गैस डिलीवर हो जाएगी।