उत्तर प्रदेश के मेरठ में कोरोना वैक्सीन के लिए मारामारी होने लगी है। 18 साल से 44 साल आयु वर्ग के लाभार्थियों का टीकाकरण 24 मई से 29 मई तक बुक हो गया है। टीकाकरण 31 केंद्रों पर प्रतिदिन 5800 लाभार्थियों का स्लॉट है, जो महज 15 मिनट में बुक हो गया।
अगले छह दिन के लिए कुल प्राप्त करीब 34800 कोवीशील्ड डोज के लिए लाभार्थियों ने बुकिंग कर ली है। जिनका नंबर नहीं आया, ऐसे लोग परेशान रहे। सैकड़ों लोगों को न शहर न देहात में स्लॉट मिला, जिन्हें मिल गया वह खुशी से झूम उठे। एक-एक व्यक्ति के स्लॉट के लिए पूरा परिवार ऑनलाइन होकर जुट जाता है। जिनका नंबर नहीं आया उन्हें अगले रविवार तक इंतजार करना होगा।
दूसरी तरफ, 45 साल से अधिक आयु के समस्त लाभार्थियों का प्रथम टीकाकरण ऑनलाइन पंजीकरण के बाद ही स्लॉट बुक होने पर ही दिया जाएगा। निर्देश हैं कि किसी भी लाभार्थी को जिसकी उम्र 45 वर्ष से अधिक है, वह अगर पहला टीकाकरण करा रहे हैं तो 70 प्रतिशत को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। साथ ही जिसको बूस्टर टीकाकरण होना है उस लाभार्थी का टीकाकरण ऑफलाइन यानी ऑन द स्पॉट किया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि टीकाकरण 18 से 44 वर्ष की आयु के लाभार्थियों के लिए सिर्फ उत्तर प्रदेश के नागरिकों के लिए निर्धारित किया गया है। हालांकि अन्य आयु वर्ग में यह बंधन नहीं है। लिहाजा अपने साथ अपना आधार कार्ड लाना न भूलें। 45 साल से अधिक आयु के लाभार्थियों का प्रथम टीकाकरण के स्लॉट बुक प्रतिदिन किया जा सकेगा, इस आयु के लाभार्थियों के लिए उतर प्रदेश निवास का कोई भी बंधन नहीं रहेगा।