पिछले कुछ समय से पश्चिमी यूपी बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए पसंदीदा जगह बनती जा रही है। कई फिल्मों की शूटिंग यहा हुई है। अब एक और बॉलीवुड फिल्म इस क्षेत्र में शूट की जाएगी। जी हां,आने वाली हिंदी फिल्म सरोज का रिश्ता की शूटिंग आज से यूपी के मवाना में स्थित ढिकौली गांव में शुरू हो जाएगी। फिल्म की शूटिंग को लेकर बॉलीवुड से पहुंची यूनिट ने कार्य शुरू कर दिया है। यहां रविवार को शूटिंग से पहले कलाकारों ने रिहर्सल के दौरान जमकर पसीना बहाया।
प्रोड्यूसर शाहिद अरोड़ा ने बताया कि सरोज का रिश्ता आईना प्रोडक्शन, लोकेशन बाजार एवं अभिषेक प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही है। जिसमें अभिनेता शाहिद कपूर की बहन सना कपूर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की शूटिंग की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग शूटिंग देखने पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शुरू से लेकर अंत तक फिल्म सना के ईद गिर्द घूमती है। यह फिल्म देहात से शहर में पढ़ने के लिए जाने वाली युवती पर आधारित है। उन्होंने बताया कि देहात से शहर पहुंचने के बाद युवती को किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है, परंतु कुछ दिनों बाद वह अपने को ढाल लेती है। पूरी फिल्म पारिवारिक है। यह फिल्म लोगों को काफी पसंद आएगी। फिल्म के डायरेक्टर अभिषेक सक्सेना,प्रोड्यूसर जावेद सिद्दिकी है।