सरकारी राशन की दुकान से कालाबाजारी का गेहूं पकड़े जाने के मामले में खुद पुलिस घेरे में आ गई है। मेरठ के लिसाड़ी गेट पुलिस ने शनिवार रात लोगों की शिकायत पर सरकारी गेहूं से भरे टाटा मैजिक को पकड़ लिया। लेकिन यही गाड़ी रविवार सुबह थाने से गायब हो गई। पूरे मामले में सीओ कोतवाली ने जांच शुरू करा दी है।
लिसाड़ी गेट के चमड़ा पैठ के पास आबिद हुसैन की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है। शनिवार रात पड़ोस के लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी कि सरकारी गेहूं को एक गाड़ी में भरकर बेचा जा रहा है। यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन इस दौरान दुकानदार अन्य लोगों के साथ फरार हो गया।
जिसके बाद यूपी 100 गाड़ी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने थाना लिसाड़ी गेट पुलिस को मौके पर बुला लिया। उस समय गाड़ी में करीब 20 क्विंटल सरकारी गेहूं भरा था। पुलिस ने गाड़ी थाने में खड़ी कर ली।