जानीखुर्द। थाना जानी क्षेत्र के अंतर्गत सिवालखास पुल के पास रविवार रात गंगनहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने शव गंगनहर से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान के लिए मोर्चरी में भेज दिया। शव करीब दो सप्ताह पुराना बताया गया है।
रविवार रात ग्रामीणों को सिवाल खास पुल के पास गंगनहर में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। सूचना पर थाना जानी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंगनहर से शव को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार शव करीब 12 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को 72 घंटों के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस द्वारा आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक का फोटो व जानकारी साझा कर पहचान की कोशिश की जा रही है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चल पाएगा।