दीपावली के दिन पटाखे छुड़ाने को लेकर हुई मारपीट की घटना के बाद रविवार को इसी रंजिश के चलते दोनों पक्ष फिर से आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई। इसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
देवबंद के तलहेड़ी बुजुर्ग गांव में 19 अक्तूबर की रात्रि संदीप पुत्र सगवा अपने साथियों के साथ एक दुकान के सामने पटाखे छुड़ा रहा था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले निशांत शर्मा ने दुकान पर पटाखे रखे होने की बात कहते हुए वहां आतिशबाजी करने से मना किया। इस पर संदीप ने उसके साथ मारपीट कर दी। उस समय तो मामला निपट गया।
रंजिश के चलते दोनों पक्ष आए आमने सामने
मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
आरोप है कि रविवार को इसी रंजिश के चलते दोनों पक्ष फिर से आमने सामने आ गए और देखते ही देखते उनके बीच पथराव होने लगा। इतना ही नहीं दोनों पक्षों के बीच फायरिंग भी हुई। इसमें गोली लगने से मनीष उर्फ पिंटू घायल हो गया। जबकि पथराव में संदीप, शशि मोहन, मोनू, नीटू, निशांत शर्मा आदि घायल हो गए। सूचना मिलते ही सीओ सिद्धार्थ और कोतवाल पंकज त्यागी पीएसी एवं आरआरएफ के जवानों के साथ गांव में पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण किया। इस बीच जानकारी मिलने पर गांव में पहुंचे एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मनीष को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि दीपावली के दिन पटाखे छुड़ाने को लेकर मारपीट हुई थी। इसकी रंजिश में रविवार को फिर से उनकी बीच मारपीट हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है। शांति व्यवस्था बनी रहे इसके गांव में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/