फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईवे पर जाम लगाकर दिया धरना, खुले रहे बाजार

विज्ञापन
विज्ञापन
सरधना/मवाना। कृषि कानून के विरोध में किसान संगठनों की ओर से भारत बंद के आह्वान पर मंगलवार को किसानों ने देहात क्षेत्र से गुजर रहे हाईवे पर जगह-जगह जाम लगाया। हालांकि इस दौरान आपातकाल सेवाएं बहाल रखीं। हाईवे पर सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक वाहनों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। बंद का असर हाईवे तक ही सीमित रहा। कस्बे के बाजार रोज की तरह खुले रहे।
विज्ञापन

सरधना क्षेत्र के दबथुआ में किसानों ने हाईवे और गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर जाम लगाया। धरना स्थल पर रालोद नेता संजय चौधरी पहुंचे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने में तीन घंटे बैठाए रखा। ज्ञापन सौंपने के दौरान थाना पुलिस ने उन्हें छोड़ा। वहीं मेरठ करनाल हाईवे भाकियू ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर चक्का जाम किया। इसमें केंद्र सरकार की ओर से पास किए तीन कृषि विधेयक वापस लेने, किसानों से बात कर एमएसपी तय करने, खुली मंडियां विकसित करने, फसल का तुरंत भुगतान किए जाने की मांग की। इस मौके पर भाकियू नेता रामबोस, प्रमोद चौधरी, वेद्रकाश, वीरपाल सिंह, सुरेशपाल, सचिन कुुमार, सतेंद्र आदि मौजूद रहे। भाकियू और रालोद ने संयुक्त रूप से एसडीएम अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा।
वहीं मवाना में भारतीय किसान यूनियन, भाकियू तोमर, भाकियू अंबावत, किसान सभा, रालोद आदि किसान संगठनों ने मवाना खुर्द में राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर धरना दिया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने नरेश चौधरी के नेतृत्व में मेरठ बिजनौर पर जाम लगाया। उन्होंने कहा कि कृषि कानून जबरन किसानों पर थोपा जा रहा है। सभी किसान संगठनों ने दोपहर तीन बजे एसडीएम को ज्ञापन देकर जाम खोला। धरने में राजपाल शर्मा, संग्राम सिंह, कुलदीप सिंह देशवाल, रामबीर सिंह, कालूराम, सोहित चौधरी, मेराज मलिक आदि रहे।
विज्ञापन

मवाना खुर्द में भाकियू ने पुलिस चौकी के पास धरना शुरू किया। रालोद ने कुछ ही दूरी पर अलग से जाम लगाया। भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने भी अलग जगह जाम लगाकर धरना दिया। पुलिस प्रशासन की नाराजगी और कुछ वरिष्ठ नेताओं के समझाने पर सभी एक ही धरने में शामिल हो गए। वहीं नगर का बाजार आम दिनों की तरह खुला रहा। पुलिस ने सुबह ही नगर में एलाउंसमेंट करा दिया था कि यदि किसी ने जबरन दुकान बंद कराने का प्रयास किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विपिन मनोठिया समेत छह पर कार्रवाई
मवाना। सपा नेता विपिन मनोठिया कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी करने हुए मवाना खुर्द पहुंचे। पुलिस ने उनको बैरिकेडिंग पर रोक लिया। बिना झंडे के एसडीएम को ज्ञापन देने जाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि विपिन मनोठिया के साथ संदीप मावी उर्फ सेठ्ठी, असलम, भरत, संजीव व साजिद को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है। एसडीएम कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।
हाईवे पर परेशान रहे वाहन चालक
दौराला। भाकियू कार्यकर्ताओं ने चौधरी महकार के नेतृत्व में दौराला थाने के सामने हाईवे पर धरना देकर जाम लगाया। केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ दोहरी राजनीति कर रही है। एक तरफ किसानों की आय दोगुनी करने की बात कहती है और दूसरी ओर इस तरह के कानून लागू कर किसानों की रीढ़ तोड़ रही है। जाम लगने के कारण हाइवे पर वाहनों के पहिये थम गए। वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपकर कानून वापस लेने की मांग की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जाम खोल दिया। धरने में लावड़, दौराला, वलीदपुर, मटौर, धंजू, सकौती, इकलौता, सुरानी, चिरोड़ी आदि गांवों के किसान शामिल हुए। वहीं खरखौदा में भारतीय किसान यूनियन भानू ने कुछ देर के लिए फफूंडा में एनएच-334 को बंद कराया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर को तीनों कृषि कानूनों को वापस करने व अन्य समस्याओं को लेेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेता को घर में किया नजरबंद
रोहटा क्षेत्र में किसानों के समर्थन में प्रदर्शन करने पर कांग्रेस नेता अरुण त्यागी को पुलिस ने घर पर नजरबंद कर दिया। अरुण त्यागी ने सरकार और प्रशासन पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। सरूरपुर क्षेत्र में मेरठ करनाल हाईवे पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने रिठाली चौराहे पर जाम लगाकर कृषि कानून के विरोध में नारेबाजी की। हालांकि उन्होंने एंबुलेंस और बारात की कार को जाने दिया।
सरधना तहसील अध्यक्ष अशफाक प्रधान के नेतृत्व में भूनी चौराहे पर एसडीएम सरधना को ज्ञापन सौंपा। यहां दिनेश प्रधान, अमित उर्फ गुड्डू, कृष्णपाल, मोनू, शमीम पंवार, महताब अली, मुरसलीन चौहान आदि रहे। वहीं माछरा के किसानों ने मेरठ गढ़ मार्ग पर गंगा शिवमंदिर के पास बैठकर धरना प्रदर्शन किया। वहीं नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जयवीर काजला भटीपुरा, शिब्बू, जितेन्द्र सिंह, सुभाष शर्मा, राजेन्द्र सिंह, नीजर, रविन्द्र काजला, कैलाश शर्मा, आदि मौजूद रहे।
सड़कों पर नहीं लगी वाहनों की कतार
सरधना। भारत बंद के दौरान मार्गों पर वाहनों की कतारें नहीं नजर आईं। पुलिस की ओर से रूट डायवर्जन कर दिए जाने और बंद की एक दिन पहले घोषणा के कारण वाहन चालक भी 11 से तीन बजे के बीच कम ही निकले। इस दौरान मेरठ करनाल हाईवे और गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग सूना दिखा। संवाद
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार
खरखौदा। भारत बंद के समर्थन में गांव फफूंडा जा रहे कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश सचिव रोहित गुर्जर को पुलिस ने बिजली बंबा पुलिस चौकी के पास लोहियानगर से समर्थकों के साथ गिरफ्तार कर लिया। रोहित गुर्जर ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए वह शांतिपूर्ण ढंग से फफूंडा जा रहे थे। इसके बावजूद पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लिए सभी लोगों को शाम पांच बजे के बाद थाना से छोड़ा गया। यहां जिलाध्यक्ष सुमित विकल, नौशाद सैफी, एसके शारुख, मुनीर मलिक, सुमित ठाकुर आदि रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें